जीवन संघर्षों में बुरी तरह थक गई थी
उसका जीवन कभी नही रहा उसका जीवन
उसके जीवन में शामिल थी पूरी दुनिया
जब तक रही वह
अपने साथ एक पल भी नही रही।
किसी जंगली नदी की तरह वह शांत हो,
बहती रही दुखों के सफेद चिकने पत्थरों के
नीचे से होकर,
सबसे छुप कर रही।
कोई जान भी न सका उसका दुख
दुःख- सुख की परिभाषाओं से परे
उसकी आँखों में कुछ नही बचा था
सिवाए खारे पानी के।
शब्द नही थे उसके पास,
उसकी खामोशी बोलती रही,
ममता से भरे
स्पर्श से उसने की दुनिया भर की बातें।
उसका होना एक उत्सव था
उसके होने पर प्यार की खुशबू
तैरती थी फ़िज़ा में
हम एक दूसरे के करीब
महसूस करते थे साँसों का आना -जाना।
उसकी आँखों में जब- तब खिलते थे
करुणा के पवित्र फूल
ममता की खिड़की से आती थी ठंडी हवा,
बहुत बोलती थी उसकी आंखें,
हमारे टूटे मन की स्लेट पर
वह हमेशा लिखती थी – हौसला।
कमाल की जादूगरनी थी मां,
हमारी भूख पर कुलबुलाता था उसका पेट,
उसकी छातियों में उतर आता था दूध।
वह पढ़ लेती थी रुलाई का मतलब।
उसके साथ चलते समय
आज तक नही समझ पाया,
हममें से पकड़े है कौन किसकी उंगली।
साथ चलते समय उसने कभी
अकेला नही होने दिया- कमज़ोर को,
हर पल उसका देहांश रहा।
नाभिनाल विच्छेदन के बाद भी
उसकी देह से अलग नही हो पाया कभी।
ईश्वर के सबसे करीब थी मां
प्रयोगशाला थी –
सारे सुख दुःख उसी पर आजमाए गए दुनिया में,
सब कुछ हस कर झेला
सृष्टि के विस्तार में जन्मदात्री रही,
स्वयं ईश्वर रही मेरी माँ।
अकस्मात एक दिन चुप्पी में उतर गई मां,
मृत्यु के आगोश में भी जिंदा रहती है मां
मां कभी नही मरती,
मां के मरने का मतलब- महाप्रलय।
सम्भव नही
मां पर कविता लिखना
मां एक सबसे मीठी कविता है।
कहीं नहीं जाती मां
संबंधित विषय – माँ
