किन्नर आये

(किन्नर परी मिश्रा के लिए एक कविता)

वे आये हैं दरवाजे पर
चटचटा कर गूंज रही हैं उनकी तालियां
वे गा रहे हैं फिल्मी तर्ज़ पर शगुन गीत
आशीर्वाद की वर्षा कर हैं
ढोलक के थाप पर
मटक – थिरक रहा है उनका थुलथुल बदन
जनाने कपड़ों में छुपा है उनका आत्मविश्वास

वे मर्द जैसे होकर भी मर्द नही हैं
औरत जैसे होकर भी औरत नही हैं
उनकी चोटियां लहरा रही है उनकी पीठ पर
आंखों में सुरमा लगा है
टिकुली सजी है उनके माथे पर
होंठो को रंग दिया है उन्होंने लिपस्टिक से

वे मर्द नही है
औरत भी नही
लेकिन औरतों जैसी लग रही है उनकी काया
वक्ष के सौंदर्य को लेकर
बहुत सजग हैं
छातियाँ उभारने के लिए उन्होंने
किये हैं पुख्ता इंतजाम

वे मर्द नही होना चाहते
मर्दों की दुनिया पर से
उठ चुका है उनका विश्वास
वे औरत होना चाहते हैं,
वे औरत दिखना चाहते हैं
जबकि उन्हें पता है कि
वे औरत और मर्द के बीच खड़े हैं अकेले
निष्कासित, विस्थापित, परिवारविहीन

परिवार में घुल जाने की चाहत लिए हुए
नवजात शिशु को गोद में लेकर
मंगलकामनाओं की
खुशबू फैल रही है
चारों तरफ
वो दुआ दे रहे हैं जच्चा- बच्चा को
नांच रहे हैं नवजन्मे पर ममता लुटाते हुए
वे दुआ दे रहे हैं
सबको पूर्णता मिले सम्पूर्णता मिले
कोई अपूर्ण न रहे उनकी तरह
अपूर्णता कैसे गाली में बदल जाती है,
वे प्रमाण है इसके
जीते जागते

तालियां बज रही हैं
कोई उनके मन के एकांत में
रो रहा है धीरे धीरे


3.5 2 votes
रेटिंग
guest
0 प्रतिक्रियाएँ

Save to list

0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x