इस डरावने सन्नाटे के खिलाफ
दुनिया के तिलिस्म में आने से पहले
कोई बच्चा धीरे – धीरे रो रहा है
माँ के गर्भ में
कोई और एक बच्चा गर्भ सागर में
चीख रहा है
जन्म लेने से इंकार कर रहा है
पृथ्वी पर
कोई बच्चा परखनली में धड़क रहा है
आँखें खोलने के लिए
इच्छाओं की ताप से
मुक्त होने के लिए
नाली में बहा दिया गया है कोई बच्चा
अभी – अभी तेज पानी की धार के साथ
कमोड के रास्ते अवांक्षित मानकर
कोई बच्चा दर्ज करवा रहा है
अपना परिचय स्केनर के चमकदार पर्दे पर
अपने – अपने मतलब के बच्चे
तलाशे जा रहे हैं – करोड़ों – करोड़ गर्भ में
पल रहे बेमतलब के बच्चों के बीच से
कसाईबाड़े में जब
सुविधाएं जन्मेगी – नया जीवन
बच्चे गर्भ में चीखेंगे – चिल्लायेंगे
लंगड़ी – लूली
शताब्दी इस तरह दाखिल होगी
आगामी वर्तमान में
कोख में कुछ नहीं होगा तब
परदे पर
बच्चे की तस्वीर भी नही
कोई बच्चा
संबंधित विषय – बच्चे
