सांप 

सड़क के किनारे 
घास के बीच रेंगते हुए सांप पर
जिसकी नजर पड़ी 
वह पैदल चल रहा था
उसने चौंक कर देखा और 
सोचने लगा कि
आखिर कौन सा सांप है यह
लेकिन उसे समझ नहीं आया

उस तरफ से गुजरते लोग देखने लगे
कि आखिर वह आदमी 
क्या देख रहा है घास के बीच
फिर और लोग रुकने लगे
थोड़ी देर में जमा हो गई भीड़
भीड़ सांप को देख रही थी
पहचानने की कर रही थी कोशिश

सांप सहमा हुआ 
भागने की कोशिश कर रहा था
लेकिन खेत जुते हुए थे और जमीन परती थी
इसलिए वहां भी खतरा था
सांप दुबका हुआ घास के बीच
बचने की कोशिश कर रहा था
भीड़ की नजर से

थोड़ी देर चुपचाप देखने के बाद 
भीड़ में से
किसी ने पहला हमला किया
फिर और हमले हुए
फिर दो पल में 
इस पृथ्वी का सबसे जहरीला सांप
जमीन पर ढेर हो गया


3.5 2 votes
रेटिंग
guest
0 प्रतिक्रियाएँ
Inline Feedbacks
View all comments
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x